झारखंड में रात की ठण्ड से मिल सकती है राहत, 6 जिलों में चलेगी शीतलहर

रांची.

झारखंड में रांची समेत कई जिलों में सुबह और रात के वक्त कनकनी कायम है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के छह जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में सिमडेगा, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रामगढ़ और बोकारो शामिल हैं।

विभाग ने अगले चार दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री तक चढ़ने का अनुमान व्यक्त किया है। ऐसे में 20 जनवरी से रात की कनकनी से राहत मिल सकती है। इधर, कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहा। शुक्रवार को रांची का मैकलुस्कीगंज सबसे ठंडा रहा। वहां के स्थानीय तापमापी यंत्र के अनुसार, न्यूनतम तापमान शून्य दर्ज किया गया। वहीं कांके का तापमान तीन डिग्री रहा।

जिलों की बात करें तो खूंटी का न्यूनतम तापमान 2.6 रहा। गुमला का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को दो डिग्री वृद्धि के 2.8 दर्ज किया गया। गुरुवार को यहां का पारा 0.8 डिग्री था। इधर, मामूली कमी के साथ रांची का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। मेदिनीनगर, कोडरमा, लातेहार, गुमला आदि जिलों के तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान अब भी नौ डिग्री से नीचे या उसके करीब है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आनेवाले सात दिनों में आसमान पूरी तरह साफ रह सकता है। इससे दिन में धूप और कड़ी होगी, जिससे कनकनी से राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि का अनुमान है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही झारखंड के लोगों को राहत मिल जाएगी।

Editor
Author: Editor

Leave a Comment