पावरकॉम विभाग बंद करेगा वर्षों पुराना सैप सिस्टम, उपभोक्ताओं की बढ़ी टेंशन

लुधियाना.

पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन पंजाब भर में वर्षों पुराने सैप सिस्टम को बदलने जा रहा है जिसके लिए पावरकॉम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि राज्य भर में पावरकॉम विभाग से संबंधित अधिकारी कागजों में ही सही उपभोक्ताओं द्वारा सालों पहले अप्लाई किए गए बिजली के मीटरों, बिजली का लोड बढ़ाने सहित कई अन्य तरह के पैंडिंग पड़े हुए कामों को निपटाने के लिए जुगाड़ लगा रहे हैं।

असल में उपभोक्ताओं की यह सभी समस्याएं जमीनी स्तर पर हल नहीं हो रही हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक फरवरी महीने के दौरान संभावित 15 दिनों तक सैंट्रल जोन के अंतर्गत पड़ते सभी कार्यालयों में बिलिंग सिस्टम व नए मीटर अप्लाई करने सहित अन्य कामकाज पूरी तरह से ठप्प पड़ने की संभावना लगातार बढ़ती जा रही है। विभागीय सूत्रों की मानें तो पिछले करीब एक वर्ष से पावरकॉम की अधिकतर डिवीजनों में उपभोक्ताओं द्वारा अप्लाई किए गए बिजली के नए मीटर, जले या खराब मीटरों को बदलने का काम बकाया पड़ा हुआ है लेकिन अब नई तकनीक वाला इनफिनाइड एप शुरू करने से पहले सभी कर्मचारियों को पिछला काम निपटाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इस मामले को लेकर पावरकॉम के चीफ इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने दावा किया है कि उनकी टीम द्वारा सारा काम युद्ध स्तर पर निपटाया जा रहा है और तय समय पर ही उपभोक्ताओं को उच्च स्तरीय सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

Editor
Author: Editor

Leave a Comment