जालंधर में बाउंसरों ने गर्भवती महिला और पति को पीटा, दीवार फांदकर भाग गया स्टाफ

जालंधर.

यहां के गढ़ा रोड स्थित किंगडम कंसल्टेंट के बाहर एक व्यक्ति और उसकी गर्भवती पत्नी को बाउंसरों ने बेरहमी से पीट दिया। मामला तब सामने आया जब महिला रमनदीप कौर और उनके पति हरप्रीत सिंह ने अपने बच्चे के माइनर वीजा के लिए दिए गए 3 लाख 42 हजार रुपये वापस मांगने गए थे।  रमनदीप ने आरोप लगाया कि उन्होंने एक साल पहले वीजा कराने के लिए पैसे दिए थे, लेकिन वीजा नहीं लगा।

बार-बार वादा करके एजेंट पैसे वापस नहीं कर रहा था। जब 11 फरवरी को दोनों पैसे मांगने गए, तो एजेंट ने बाउंसर बुलाकर उन पर हमला करवा दिया। महिला ने गंभीर आरोप लगाते कहा कि एजेंट ने वीजा न लगने पर पूरा पैसा वापस करने का वादा किया था, लेकिन अब तक पैसे नहीं लौटाए जा रहे। उसका कहना है कि वह गर्भवती है और डराया धमकाया गया और गालियां दी गई। वीडियो बनाने पर धक्का दिया गया। पति के सिर पर लोहे के कड़े मारने से खून भी निकल आया।

हंगामा बढ़ने पर ट्रैवल एजेंट का स्टाफ पीछे की दीवार फांदकर भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और सड़क जाम की चेतावनी दी। वहीं थाना-7 की पुलिस मौके पर पहुंची और बाउंसरों को राउंडअप कर लिया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रैवल एजेंट से पैसे दिलाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Editor
Author: Editor

Leave a Comment