पटियाला.
शहर में 50 से अधिक युवकों ने रविवार को तेजधार हथियार लहराते हुए सड़कों पर हुड़दंग मचाया। ये युवक सूल्लर दारू कुटिया इलाके से बाइक व कार की छत पर बैठकर निकले और तेजधार हथियार लहरा रहे थे। घटना रविवार दोपहर के समय की बताई जा रही है। पुलिस से बेखौफ इन युवकों ने वीडियो भी बनाई और इंटरनेट पर अपलोड भी कर दी।
मामला सामने आने और वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई। रविवार देर शाम तक कुछ युवकों की पहचान कर इन्हें राउंडअप भी किया है। यह वीडियो जतिन राजपूत नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड हुई है। वायरल वीडियो में युवकों का यह झुंड सुल्लर पुल से शुरू होता दिख रहा है। कार की छत पर सवार युवक तलवारें, गंडासी, टकुए सहित अन्य तेजधार हथियार लहरा रहे हैं। सुल्लर पुल से शुरू होकर वे न्यू अफसर कालोनी वाली रोड की तरफ मुड़ते हैं। इलाके में चर्चा रही कि ये युवक रैली के नाम पर किसी राजनीतिक पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सरहिंद रोड की तरफ गए थे लेकिन रैली में शामिल होने के सुराग पुलिस को अब तक नहीं मिले हैं।
हालांकि, इनके हथियार लेकर हवा में लहराते व ललकारे मारने की वीडियो पुलिस के पास जरूर पहुंची है। एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने कहा कि युवकों द्वारा तेजधार हथियारों के साथ हुड़दंग मचाने की वीडियो पुलिस को मिल चुकी है। युवकों की पहचान कर जल्द ही युवकों को काबू किया जाएगा।