चंडीगढ़
हरियाणा निकाय चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। हरियाणा चुनाव आयोग ने पंचकूला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावों की तारीखों की घोषणा की। हरियाणा चुनाव आयोग ने बताया कि सोनीपत-पंचकूला और अंबाला नगर निगम में 10 मई को वोटिंग होगी और 13 को रिजल्ट आएगा। बता दें कि पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनाव होने हैं। इसके अलावा, रेवाड़ी नगर परिषद ,धारूहेड़ा सांपला और उकलाना नगर पालिका में भी चुनाव होना। वहीं, टोहाना, झज्जर, राजौंद, तरावड़ी, सढ़ौरा और कनीना नगरपालिका को लेकर भी लोग वोट डालेंगे।
जानें हरियाणा निकाय चुनाव का पूरा शेड्यूल
21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
27 अप्रैल को नामांकन की जांच की जाएगी।
28 अप्रैल को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख होगी।
इसी दिन चुनाव चिन्ह भी उम्मीदवार को दिए जाएंगे।
10 मई को वोटिंग होगी।
पुनः मतदान की जरूरत पड़ी तो 12 मई को दोबारा वोटिंग होगी।
13 मई को चुनावी नतीजों का ऐलान होगा।
लोकतंत्र मात्र चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर दिन निभाई जाने वाली एक जिम्मेदारी है। नगर निगमों के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायती राज संस्थाओं के खाली पड़े पदों के लिए उपचुनाव भी इसी समय सारणी के अनुसार कराए जाएंगे।
हरियाणा के चुनाव आयुक्त ने क्या बताया
हरियाणा के चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने बताया कि निगम मेयर के लिए 30 लाख खर्च सीमा तय की गई है। सदस्य के लिए यह 7.50 लाख रुपये है। निकाय चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा। अगर दोबारा मतदान की जरूरत पड़ी तो वह 12 मई को होंगे। 13 मई को चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। बता दें कि इस बार बीजेपी, कांग्रेस, जेजेपी और आईएनएलडी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। राज्य चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की घोषणा से पहले ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया था।