नोएडा में श्रमिक प्रदर्शन पर DGP का बयान, स्थिति पूरी तरह सामान्य

नोएडा

नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन को लेकर यूपी के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कहीं भी कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस को सोशल मीडिया, मीडिया और यूपी-112 के जरिए लगातार इनपुट मिल रहे हैं। हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने पहले ही एक हाई-पावर कमेटी का गठन किया था, जिसने मौके पर पहुंचकर सभी पक्षों से बातचीत की और अपनी घोषणाएं भी कर दी हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री श्रमिकों के प्रति संवेदनशील हैं और उनकी उचित वेतन से जुड़ी मांगों पर निर्णय लिया गया है। कुछ व्यक्तियों और समूहों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, जिनके खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक और CCTV सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। DGP राजीव कृष्ण ने श्रमिकों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें, किसी के बहकावे में न आएं और प्रशासन का सहयोग करें।

उच्चाधिकार प्राप्त समिति की सिफारिशों पर बढ़ी न्यूनतम मजदूरी
सरकार ने श्रमिकों व उद्यमियों से संवाद और औद्योगिक सौहार्द व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उच्चाधिकार प्राप्त समिति बनाई है। समिति के अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त हैं। अपर मुख्य सचिव (एमएसएमई), प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन विभाग) और श्रमायुक्त कानपुर इसके सदस्य हैं।

आज औद्योगिक इकाइयां बंद
समिति में श्रमिक संगठनों के पांच प्रतिनिधि एवं उद्यमी संघों के तीन प्रतिनिधि भी सदस्य हैं। समिति ने नोएडा पहुंचते ही पहला निर्णय किया कि शांति व्यवस्था बनाने और स्थिति संभालने के मकसद से मंगलवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सभी औद्योगिक इकाइयां बंद रहेंगी।

 

Editor
Author: Editor

Leave a Comment