उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। जहां पैसो के विवाद में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने बेटे की लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त तनंजय दुबे (47) के रूप में हुई है, जो हाल ही में महाराष्ट्र के मुंबई शहर से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव लौटा था। वहीं आरोपी पिता की पहचान कैलाश नाथ दुबे (70) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना चेरापुर गांव में हुई , जब शनिवार रात को वित्तीय मामले को लेकर पुत्र तनंजय और पिता कैलाश नाथ के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। बहस के दौरान कैलाश नाथ ने कथित तौर पर अपनी राइफल से दो गोलियां चलाईं, लेकिन पहली गोली चूक गई, जिसके बाद आक्रोश में आकर चलाई गई दूसरी गोली तनंजय को लगी, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन शनिवार रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे विशाल दुबे उर्फ़ राजा की शिकायत के आधार पर पोस्टमार्टम के बाद कैलाश नाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही कैलाश नाथ दुबे को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयोग हथियार भी जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी हैं।