चंडीगढ़
पंजाब में ड्रग्स एवं सामाजिक-आर्थिक जनगणना 2026 के तहत सर्वे से छूटे परिवारों को नाम दर्ज कराने का आखिरी मौका दिया गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ने 22 से 31 अक्टूबर तक 10 दिन की विशेष ड्राइव चलाने का फैसला लिया है।
ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, पंजाब के निदेशक की तरफ से यह आदेश जारी किए गए। 31 अक्टूबर 2026 के बाद सर्वे की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। इसके बाद किसी भी स्थिति में नए परिवारों का नाम शामिल नहीं किया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क करें
जिन परिवारों का किसी कारणवश सर्वे में नाम दर्ज नहीं हो पाया है, वे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से विशेष अभियान के तहत पंजीकरण और सर्वे पूरा कराने में मदद ली जा सकती है। विभाग ने छूटे हुए परिवारों से तय समय सीमा के भीतर अपना विवरण दर्ज कराने की अपील की है।
65 लाख परिवारों को कवर करने का लक्ष्य
राज्य सरकार ने 1 अप्रैल 2026 को राज्य की पहली ड्रग्स एवं सामाजिक-आर्थिक जनगणना शुरू की थी। इसके तहत करीब 65 लाख परिवारों का सर्वे करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सर्वे के जरिए नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों और क्षेत्रों की पहचान कर नशा मुक्ति एवं पुनर्वास के लिए योजनाएं बनाने के साथ ही परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति, बेरोजगारी, आय, जमीन के मालिकाना हक और कर्ज से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। इसका उद्देश्य नशे के खिलाफ रणनीति तैयार करने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में मदद करना है।