यमुना के जलस्तर में आई कमी

यमुना के जलस्तर में आई कमी, संकट अभी भी बरकरार; आज भी बारिश का येलो अलर्ट

रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी के बाद यमुना के जलस्तर में अब लगातार कमी आ रही है। लेकिन दिल्ली में अभी भी बाढ़ का खतरा बरकरार है। बाढ़ से जूझ रही दिल्ली में मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी कर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई थी और आज सवेरे दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो गई।

केजरीवाल की लोगों से अपील
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। अगर फिर से तेज बारिश नहीं हुई तो जल्द स्थिति नॉर्मल हो जाएगी। चंद्रावल और वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से पानी निकालना चालू कर दिया। इसके बाद मशीनें सुखाएंगे। दोनों प्लांट्स कल तक ही चालू हो पाएंगे। कृपया सावधानी बरतें और एक दूसरे की मदद करें। कई जगह से खबर आ रही है कि कुछ लोग पानी में खेलने या तैरने जा रहे हैं या वीडियो/सेल्फी के लिए जा रहे हैं। कृपया ऐसा ना करें। ये जानलेवा हो सकता है। अभी बाढ़ का खतरा खत्म नहीं हुआ। पानी का वेग बहुत तेज है। पानी कभी भी बढ़ सकता है।

आतिशी ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र
राजस्व मंत्री आतिशी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर बाढ़ राहत शिविरों में पानी की कमी, बिजली की कमी, भोजन की खराब गुणवत्ता को तुरंत ठीक करने को कहा है। इतना ही नहीं आतिशी ने आतिशी ने सीएस को ऐसे किसी भी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसकी ढिलाई से इन शिविरों में लोगों को परेशानी हो सकती है।

मेट्रो ने यमुना के पुलों को पार करने पर गति प्रतिबंध हटाया
यमुना पर बने मेट्रो पुलों को पार करते समय लगाया गया गति प्रतिबंध हटा दिया गया है। सभी ट्रेनें अब सामान्य गति से चल रही हैं।
लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से आईटीओ इलाके में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बेला रोड हुई जलमग्न
दिल्ली के सिविल लाइंस में बेला रोड पर कारें डूब गईं, इमारतों में पानी भर गया क्योंकि उफनती हुई यमुना नदी का पानी इलाके में घुस गया है।

यमुना बाजार इलाके में जलभराव
दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। रिंग रोड पर मजनू का टीला से यमुना बाजार मंदिर तक हालात बदतर हैं।

अमित मालवीय ने केजरीवाल पर बोला हमला
रिंग रोड पर डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास ड्रेन (नाला) नंबर-12 के रेगुलेटर में आई खराबी से यमुना नदी का पानी शहर में घुस रहा था। जिसे भारतीय सेना ने सुधारा। जिसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिना ब्रेक के 20 घंटे काम करने के बाद आईटीओ बैराज खोलने के लिए आर्मी इंजीनियर रेजिमेंट को धन्यवाद दिया। भाजपा के अमित मालवीय ने कहा कि सेना के इंजीनियरों ने सारा काम किया, केजरीवाल ने केवल श्रेय लेने के लिए ट्वीट किया।

सीएम ने अपना वादा नहीं निभाया: गौतम गंभीर
पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज दिल्ली में बाढ़ आ गई है। यह स्थिति मेरे लिए आश्चर्य की बात नहीं है क्योंकि वर्तमान सरकार ने शहर में बुनियादी ढांचे के निर्माण पर कोई पैसा खर्च नहीं किया है। सीएम ने दिल्ली को विश्वस्तरीय शहर बनाने का वादा किया था।

आईटीओ रोड पर जलभराव
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद आईटीओ रोड पर जलभराव के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

यमुना के जलस्तर में आई कमी, संकट अभी भी बरकरार; आज भी बारिश का येलो अलर्ट
यमुना का जलस्तर लगातार कम होता जा रहा है। शनिवार सुबह सात बजे नदी का जलस्तर 207.62 मीटर पर आ गया।

Shanu Jha
Author: Shanu Jha

Leave a Comment