मथुरा में पुलिस की स्पा सेंटरों पर छापेमारी, छह गिरफ्तार, चौकी प्रभारी निलंबित

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने दो स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने रविवार को जानकारी दी कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में स्थानीय पुलिस चौकी के प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के कृष्णा नगर में स्थित दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी की गई। इस दौरान दो दलालों और चार ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 15 लड़कियों को मुक्त कराया और देह व्यापार से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री, 15,000 रुपये नकद, तथा 29 मोबाइल फोन जब्त किए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस मामले में कृष्णा नगर पुलिस चौकी के प्रभारी कुशल पाल सिंह पर कर्तव्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए चार युवकों और दो दलालों को शनिवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment