यूपी के अलीगढ़ जिले में एक युवक को स्थानीय लोगों ने लड़कियों की तस्करी के शक में पकड़कर उसकी जोरदार पिटाई कर दी। इस घटना के दौरान सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, युवक के साथ दो लड़कियां थीं, जिन्हें वह एक होटल की ओर ले जा रहा था।
यह घटना थाना रोरावर क्षेत्र के नींवरी गांव में शनिवार देर शाम को हुई। स्थानीय लोगों ने दो लड़कियों के साथ जा रहे एक युवक को रोककर उससे पूछताछ शुरू की। युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद भीड़ ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच, दोनों लड़कियां मौके से भाग निकलीं। हंगामे की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
रोरावर थाना प्रभारी विजय सिंह ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को हिरासत में लिया। स्थानीय लोगों का दावा है कि युवक के मोबाइल में कई लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं। उनका आरोप है कि यह युवक लड़कियों को होटलों में ले जाकर देह व्यापार के लिए उनकी सप्लाई करता है और इसके बदले पैसे का लेनदेन होता है।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने हंगामा कर रही भीड़ को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत किया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम राजकुमार उर्फ राज बताया। वह मूल रूप से बरेली का निवासी है और अलीगढ़ में रहकर बस चालक का काम करता है।