दिल्ली।
दिल्ली के मॉरिस नगर क्षेत्र में पुलिस ने एक कैब ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। ड्राइवर पर वाहन चलाते समय अश्लील हरकत करने का आरोप है। एक छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर और उसकी कैब को जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 48 वर्षीय लोम शंकर के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना सोमवार को मॉरिस नगर इलाके में हुई। एक छात्रा ने अपने कॉलेज जाने के लिए कैब बुक की थी। छात्रा ने बताया कि उसने ड्राइवर को आपत्तिजनक व्यवहार करते हुए देखा, जिसके बाद वह तुरंत गाड़ी से उतर गई और पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और आरोपी लोम शंकर को हिरासत में ले लिया गया। जब्त की गई गाड़ी की जांच की जा रही है और छात्रा का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी शर्मनाक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ समय पहले मुंबई के अंधेरी क्षेत्र में एक विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था, जहां एक कैब ड्राइवर ने चलती गाड़ी में अश्लील हरकत की थी। उस मामले में भी डीएन नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था।