प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के बीच वार्तालाप, जाने किन-किन मुद्दों पर हुई बात

राजनीति।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ हाल ही में फोन पर चर्चा की। इस संवाद के बारे में पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि उनकी मेलोनी के साथ बेहद सकारात्मक बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई और यूक्रेन में चल रहे संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने की संयुक्त इच्छा व्यक्त की।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEEEC) के माध्यम से संपर्क बढ़ाने में इटली के सक्रिय योगदान के लिए प्रधानमंत्री मेलोनी का आभार व्यक्त किया।

प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, इस टेलीफोनिक वार्ता में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं, जैसे निवेश, रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क और आतंकवाद विरोधी प्रयासों की प्रगति की समीक्षा की।

दोनों नेताओं ने 2025-29 की संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना के तहत इस साझेदारी को और गहरा करने का संकल्प दोहराया। इसके साथ ही, उन्होंने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और यूक्रेन में संघर्ष के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर सहमति जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दिशा में भारत के पूर्ण समर्थन की पुष्टि की। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मेलोनी ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने और 2026 में भारत में आयोजित होने वाले AI इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए इटली के मजबूत समर्थन का आश्वासन दिया। दोनों नेताओं ने IMEEEC पहल के तहत संपर्क को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने पर भी सहमति जताई। साथ ही, उन्होंने भविष्य में निरंतर संपर्क में रहने का वादा किया।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment