दिल्ली के बदरपुर इलाके में 24 साल के युवक की गोली मारकर हत्या

दिल्ली के बदरपुर इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं। जहां एक मकान की तीसरी मंजिल पर चल रही पार्टी में गोली लगने से घायल 24 वर्षीय युवक गौतम सैनी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। गौतम के माथे पर गोली लगी थी और वह पेशे से टैक्सी ड्राइवर था। शुरुआती जांच में पता चला कि रील बनाने के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने की बात कही गई थी, लेकिन अब पुलिस इसे रंजिशन हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि गौतम और उसके साथियों ने शनिवार रात को मोलड़बंद एक्सटेंशन के एक मकान की तीसरी मंजिल पर पार्टी की थी। देर रात तक चली पार्टी के दौरान गौतम के माथे पर गोली लगी। गौतम के भाई अमित सैनी को करीब 4 बजे फोन आया, जिसमें टोल प्लाजा के पास गौतम को गोली मारने की बात कही गई। परिजन अपोलो अस्पताल पहुंचे, जहां गौतम के साथी राकेश और एक अन्य युवक मिले।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने रील बनाने के दौरान गोली चलने की बात बताई। हालांकि, पुलिस अब मानकर चल रही है कि घटना के बाद फरार हुए धर्मेंद्र की गिरफ्तारी के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। धर्मेंद्र के खिलाफ पहले से आपराधिक केस दर्ज हैं और वह टैक्सी चलाने लगा था। पुलिस धर्मेंद्र की तलाश में छापेमारी कर रही है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी हैं।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment