देश की राजधानी दिल्ली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां एक 29 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा आरके पुरम इलाके के तमिल संगम मार्ग पर हुआ। यह हादसा बुधवार रात करीब 8:30 बजे हुई जब युवक सड़क पार कर रहा था। मृतक की शिनाख्त जमना उर्फ बिल्लू के रूप में हुई है, जो आरके पुरम का ही रहने वाला था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तमिल संगम मार्ग स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ, जब वह सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक स्कूटर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी ने जिम्मेदारी दिखते हुए एक ऑटो रिक्शा की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे के शिकायत पर आरके पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाह ड्राइविंग) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण) के तहत मामला दर्ज किया गया हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया हैं। पकडे गए आरोपी की पहचान श्याम कुमार (50) के रूप में हुई हैं, जो आरके पुरम का निवासी हैं। पुलिस ने स्कूटर को जब्त कर लिया है।