आरपीएसएफ की 6वीं वाहिनी ने जोश और देशभक्ति के साथ मनाया ‘बटालियन सप्ताह’

नरेन्द्र धवन।

राजधानी के दयाबस्ती स्थित रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) की 6वीं वाहिनी ने 02 मार्च से 07 मार्च 2026 तक अत्यंत उत्साह, अनुशासित परंपराओं और अपने गौरवशाली इतिहास का स्मरण करते हुए ‘बटालियन सप्ताह’ (Battalion Week) मनाया। छह दिवसीय आयोजन में सुरक्षा बलों की दक्षता, सामाजिक सरोकार और जवानों के कल्याण से जुड़ी कई गतिविधियों का समागम देखा गया ।

समारोह का शुभारंभ 2 मार्च को एक भावुक और गरिमामय श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ। आरपीएफ लाइन, दयाबस्ती स्थित ‘शहीद स्मारक’ पर उन वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया गया, जिन्होंने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति दी। इसके पश्चात, सीनियर कमांडेंट (6th BN/RPSF) अनुभव जैन ने आरपीएफ ध्वज फहराकर और परेड की सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) लेकर विधिवत रूप से सप्ताह का उद्घाटन किया।

रेलवे सुरक्षा विशेष बल वाहिनी ने भारत सरकार के ‘फिट इंडिया’ अभियान को बल देते हुए दूसरे दिन ‘रन फॉर यूनिटी’ (Run for Unity) का आयोजन किया, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय एकता और सद्भाव का संदेश दिया। शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक शांति के लिए योग और ‘हार्टफुलनेस’ के माध्यम से ध्यान (Meditation) सत्र आयोजित किए गए। रेलवे सुरक्षा विशेष बल के जवानों के लिए वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया ।

वाहिनी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया। विशेष रूप से, ‘कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम’ के तहत दयाबस्ती रेलवे लाइनों के किनारे रहने वाले बच्चों को पुस्तकें वितरित की गईं। जिसका मुख्य उद्देश्य सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना और बच्चों को रेलवे सुरक्षा व सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था। साथ ही, बच्चों के लिए ‘देशभक्ति’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

सप्ताह के दौरान जवानों के मानसिक स्वास्थ्य और वित्तीय सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा ‘तनाव प्रबंधन’ और विशेषज्ञों द्वारा ‘करियर काउंसलिंग’ व ‘वित्तीय प्रबंधन’ (Financial Management) पर सत्र आयोजित किए गए। स्वास्थ्य के मोर्चे पर, एक विशाल रक्तदान शिविर और प्राकृतिक चिकित्सा (Naturopathy) शिविर लगाया गया, जिसमें जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समारोह के समापन चरण में ‘सुरक्षा सम्मेलन’ और ‘कंपनी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस’ के माध्यम से रेलवे सुरक्षा, साइबर अपराध और नशीले पदार्थों के नियंत्रण जैसे उभरते खतरों पर चर्चा की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सीनियर कमांडेंट द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का भव्य समापन पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ और शानदार ‘बैंड डिस्प्ले’ के साथ हुआ, जिसने जवानों में नए जोश और ‘एस्प्रिट डी कॉर्प्स’ (एकता की भावना) का संचार किया।

Narender Dhawan
Author: Narender Dhawan

Leave a Comment