लौकी की कढ़ी: रोज की कढ़ी से हटकर बनाएं ये स्वादिष्ट रेसिपी

 कढ़ी भारतीय घरों में बनने वाली ऐसी डिश है, जिसे अलग-अलग जगहों पर अपने-अपने तरीके से बनाया जाता है. कहीं पंजाबी कढ़ी पसंद की जाती है तो कहीं गुजराती या राजस्थानी कढ़ी का स्वाद लोगों को पसंद आता है. आमतौर पर कढ़ी में बेसन और दही का इस्तेमाल किया जाता है लेकिन अगर आप इसमें कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो लौकी की कढ़ी बना सकते हैं. लौकी को आमतौर पर सब्जी के तौर पर बनाया जाता है लेकिन कढ़ी में डालने पर इसका स्वाद काफी बढ़ जाता है.

लौकी की कढ़ी स्वाद में हल्की, मसालेदार और काफी टेस्टी लगती है. इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती. दही, बेसन, लौकी और कुछ मसालों की मदद से आप इसे आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं. ऊपर से डाला गया जीरा, मेथी, करी पत्ता और लहसुन का तड़का कढ़ी के स्वाद को और बढ़ा देता है. इसे आप लंच या डिनर में गरमा-गरम चावल के साथ सर्व कर सकते हैं. अगर आप रोज की कढ़ी से कुछ अलग बनाना चाहते हैं तो लौकी की ये रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं लौकी की कढ़ी बनाने की आसान रेसिपी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
कढ़ी के लिए
1 छोटी लौकी (छीलकर कद्दूकस की हुई)
500 ग्राम दही
1 बड़ा चम्मच बेसन
2 गिलास पानी
1 बड़ा चम्मच तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 चुटकी हींग
2-3 हरी मिर्च
½ छोटी चम्मच हल्दी
1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटी चम्मच गरम मसाला
1 छोटी चम्मच कसूरी मेथी
½ छोटी चम्मच अमचूर पाउडर
नमक स्वादानुसार
हरा धनिया, गार्निश के लिए

तड़के के लिए
1 छोटा चम्मच घी
2 सूखी लाल मिर्च
¼ छोटी चम्मच मेथी दाना
1 छोटी चम्मच जीरा
8-10 करी पत्ते
3-4 लहसुन की कलियां

लौकी की कढ़ी बनाएंगे कैसे?

  • लौकी की कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर अच्छी तरह धो लें और फिर इसे कद्दूकस कर लें. अब एक गहरे पैन में तेल गर्म करें. इसमें राई, हींग और हरी मिर्च डालकर तड़का लगाएं. जब राई चटकने लगे तो इसमें कद्दूकस की हुई लौकी डालें और करीब 5-7 मिनट तक मध्यम आंच पर भून लें.
  • अब एक बड़े बाउल में दही को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें बेसन डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि इसमें कोई गुठली न रहे. अब इसमें पानी डालकर कढ़ी का घोल तैयार कर लें. इस घोल को लौकी वाले पैन में डालें और लगातार चलाते हुए उबाल आने तक पकाएं. उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और कढ़ी को कुछ देर पकने दें.
  • अब कढ़ी में हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसे धीमी आंच पर पकने दें, ताकि मसालों का स्वाद कढ़ी में अच्छी तरह मिल जाए.
  • अब तड़का तैयार करने के लिए एक छोटे पैन में घी गर्म करें. इसमें सूखी लाल मिर्च, मेथी दाना, जीरा और करी पत्ते डालें. जब मसाले चटकने लगें तो इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर भूनें. इसके बाद इस तड़के को तैयार कढ़ी में डाल दें और लगभग 5-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं.
  • आखिर में इसमें थोड़ा अमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला दें. आपकी टेस्टी लौकी की कढ़ी तैयार है. इसे गरमा-गरम चावल के साथ सर्व करें. आप चाहें तो इसे जीरा राइस, फुल्का, बाजरे की रोटी या खिचड़ी के साथ भी खा सकते हैं.

 

Editor
Author: Editor

Leave a Comment