हमारे समाज में अंधविश्वास एक ऐसी बीमारी हैं जिसका कोई भी उपचार नहीं कर सकता हैं। इसका जीता-जगता उदाहरण उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से सामने आया हैं। जहां एक बेटे ने काला जादू के संदेह में अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 65 वर्षीय राजमल के रूप में हुई हैं। यह घटना गुरुवार की हैं।
पूरा मामला खैराही गांव का हैं, यहां के रहने वाले रामजतन की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन उसका कोई बच्चा नहीं था। रामजतन अक्सर अपने माता-पिता पर काला जादू करने का आरोप लगाता था और मानता था कि उनकी ही वजह से उसकी कोई संतान नहीं है। इसी कारण परिवार में अक्सर तीखी बहस हुआ करती थी।
जानकारी के मुतबिक, हत्या वाले दिन विवाद तब इतना ज्यादा बढ़ गया जब रामजतन का अपने पिता राजमल और मां से फिर इसी बात पर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर रामजतन ने अपने पिता पर लकड़ी के तख्ते से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।
हालांकि, वहां के चिकित्साकर्मियों ने राजमल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी रामजतन को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।