रेखा गुप्ता पर हमले के बाद बदले गए दिल्ली पुलिस कमिश्नर? 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के सतीश गोलचा को सौंपी गई दिल्ली पुलिस

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हाल ही में हुए हमले के बाद राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे थे। इस घटनाक्रम के ठीक अगले दिन केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए दिल्ली पुलिस कमिश्नर को बदल दिया है।

गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, 1992 बैच के एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में दिल्ली के महानिदेशक (कारागार) के पद पर कार्यरत थे। गोलचा अब तक तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेलों में सुधार की कई पहल कर चुके हैं।

सतीश गोलचा का पुलिसिंग और प्रशासन में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वे दिल्ली पुलिस में डीसीपी, जॉइंट सीपी और स्पेशल सीपी जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। विशेष रूप से उन्होंने स्पेशल सीपी (इंटेलिजेंस) के तौर पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दंगों के दौरान कानून-व्यवस्था संभाली थी। इसके अलावा वे अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी भी रह चुके हैं।

सूत्रों का मानना है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक ने सरकार को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर किया। संजय अरोड़ा के सेवानिवृत्ति के बाद एसबीके सिंह कार्यकारी पुलिस आयुक्त के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनकी जगह सतीश गोलचा दिल्ली पुलिस की कमान संभालेंगे।

राजधानी की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच सतीश गोलचा की नियुक्ति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी संभालते ही उनकी पहली प्राथमिकता सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना और जनता का भरोसा बहाल करना होगी।

SBK सिंह को सिर्फ 21 दिन बाद ही हटा दिया गया है। गृह मंत्रालय ने वरिष्ठ IPS अधिकारी सतीश गोलचा को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। 1992 बैच के अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से SBK सिंह की जगह ली है। SBK सिंह ने 21 दिन पहले 1 अगस्त को कार्यवाहक कमिश्नर बनाया गया था।

Narender Dhawan
Author: Narender Dhawan

Leave a Comment