दिल्ली में आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा: लक्ष्मी नगर में बच्चे पर हमला

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में एक पांच साल के मासूम बच्चे और एक अन्य व्यक्ति पर एक कुत्ते ने हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को कुत्ते के चंगुल से बचाया।

घटना के बाद बच्चे के परिवार ने इलाके के तथाकथित डॉग लवर्स पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जैसे ही घटना की खबर फैली, कुछ लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते के साथ मारपीट को लेकर हंगामा करने लगे। परिवार का दावा है कि इन लोगों को घायल बच्चे या अन्य लोगों की चिंता नहीं थी, उनका पूरा ध्यान सिर्फ कुत्ते की सुरक्षा पर था।

बच्चे के पिता दिनेश उप्रेती ने बताया कि रविवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ पुलिस क्वार्टर में रहने वाले अपने परिचित ओमवीर से मिलने जा रहे थे। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता उनके बेटे पर झपट पड़ा। कुत्ते ने बच्चे के पैर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। ओमवीर ने तुरंत हस्तक्षेप किया और बच्चे को कुत्ते से छुड़ाकर उसकी जान बचाई। घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

बच्चे की मां नेहा ने बताया कि स्थानीय लोगों ने केवल बच्चे को बचाने के लिए आत्मरक्षा में कुत्ते को भगाने की कोशिश की थी। लेकिन कुछ तथाकथित डॉग लवर्स मौके पर पहुंचे और बेवजह हंगामा शुरू कर दिया। नेहा ने गुस्से में कहा कि इन लोगों को बच्चों की सुरक्षा या इंसानी जान की कोई परवाह नहीं थी, उनकी सारी चिंता सिर्फ कुत्ते को लेकर थी।

यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे पहले भी उसी कुत्ते ने इलाके में सब्जी बेचने वाले खेमपाल पर हमला किया था। खेमपाल ने बताया कि वह अपनी सब्जी की रेहड़ी पर काम कर रहे थे, तभी कुत्ता अचानक उन पर टूट पड़ा और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग डरे हुए हैं और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे पर तुरंत कड़ा कदम उठाया जाए।

लक्ष्मी नगर में हुई इस दर्दनाक घटना पर दिल्ली नगर निगम के शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन रामकिशोर शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, काटने वाले कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। शिकायत मिलते ही नगर निगम का कंट्रोल रूम तुरंत सक्रिय हो जाता है और कर्मचारी मौके पर पहुंचकर कुत्ते को पकड़ लेते हैं। शर्मा ने आश्वासन दिया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment