उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। 15 साल की किशोरी सुम्बुल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि सुम्बुल का कथित प्रेमी आर्यन था।
घटना रात करीब 8:15 बजे डी-ब्लॉक मार्केट में हुई। सुम्बुल अपनी सहेली प्राची के साथ स्नैक्स खाने के लिए बाजार आई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुम्बुल जब एक क्लीनिक के पास खड़ी थी, तभी आर्यन अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। बिना किसी बातचीत या विवाद के आर्यन ने सुम्बुल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया। गोली लगने से सुम्बुल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सुम्बुल को नजदीकी बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, सुम्बुल को कई गोलियां लगी थीं और वह अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
जहांगीरपुरी थाने की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी आर्यन की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद हत्या का कारण बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही मामले को सुलझाने और आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी हैं।