पूर्वी दिल्ली में गणेश पंडाल के पास युवक की चाकू मारकर हत्या

पूर्वी दिल्ली के मंडावली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक पार्क में स्थापित गणेश पंडाल के नजदीक एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को 25 से 30 वर्ष की आयु के एक अज्ञात युवक का खून से सना शव मिला, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

जांच के लिए जिला अपराध शाखा (एएटीएस) और विशेष दस्ते की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हत्यारों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, पूर्वी विनोद नगर स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद पार्क में गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश महोत्सव का आयोजन शुरू हुआ था।

रात के समय भजन-कीर्तन के बाद जब श्रद्धालु पंडाल से घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने पार्क में एक युवक का लहूलुहान शव देखा। पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि आयोजकों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना से इलाके में डर और तनाव का माहौल है।

पुलिस ने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। मंडावली थाने की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment