नई थार खरीदने के बाद शगुन की रस्म में हादसा, कार पहली मंजिल से गिरी

इंदिरापुरम।

इंदिरापुरम के रहने वाले प्रदीप और उनकी पत्नी मणि पवार सोमवार शाम को विकास मार्ग पर स्थित महिंद्रा शोरूम में नई थार गाड़ी खरीदने पहुंचे। शोरूम में कार की चाबी सौंपने के बाद दंपती ने एक पंडित को साथ लाकर वाहन की पूजा की व्यवस्था की। पूजा के दौरान एक रस्म के तहत मणि को कार का पहिया नींबू पर चढ़ाना था।

मणि शोरूम के कर्मचारी विकास के साथ कार में बैठीं और ड्राइवर की सीट पर जगह ली। विकास ने उन्हें कार के फीचर्स समझाने शुरू किए। इस बीच, मणि ने उत्साह में आकर कार स्टार्ट की और एक्सीलेटर पर जोर से पैर रख दिया। अचानक गाड़ी तेजी से आगे बढ़ी और पहली मंजिल पर स्थित शोरूम के शीशे को तोड़ते हुए सड़क पर जा गिरी। गाड़ी पूरी तरह पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त सड़क पर कोई वाहन या व्यक्ति गाड़ी की चपेट में नहीं आया। कार में सवार मणि पवार और कर्मचारी विकास को मामूली चोटें आईं, लेकिन एयरबैग के समय पर खुलने से दोनों की जान बच गई। शोरूम के कर्मचारियों ने तुरंत दोनों को कार से निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

शोरूम कर्मचारियों ने बताया कि हादसे के बाद क्रेन की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि इस घटना में किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई और न ही पुलिस को कोई सूचना दी गई। इसलिए इस मामले में कोई औपचारिक कार्रवाई नहीं हुई।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment