अभिनेता उत्तर कुमार विवादों में घिरे, जबरन शारीरिक संबंध के लगाए गए गंभीर आरोप

यूपी। हरियाणवी फिल्मों और एल्बमों में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता उत्तर कुमार एक गंभीर विवाद में फंस गए हैं। गाजियाबाद पुलिस ने उन्हें अमरोहा के एक फार्महाउस से हिरासत में लिया है। उन पर एक दलित अभिनेत्री के साथ दुष्कर्म और जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणियों के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता का दावा है कि उसे लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा।

क्या हैं पूरा मामला ?

हापुड़ की रहने वाली इस दलित अभिनेत्री ने पुलिस को बताया कि वह 2020 में एक हरियाणवी एल्बम की शूटिंग के दौरान उत्तर कुमार से मिली थी। उस समय अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री को उत्तर ने सहयोग और बेहतर किरदार दिलाने का वादा किया था। लेकिन शूटिंग के बाद, उन्होंने कथित तौर पर दबाव डालकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि उसने कई बार विरोध किया, लेकिन करियर को नष्ट करने की धमकियों के चलते उसे मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा, उत्तर कुमार ने उसकी जाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां कीं और उसे बार-बार अपमानित किया।

पुलिस की कार्रवाई

लंबे समय तक इस उत्पीड़न को सहने के बाद, पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में शिकायत दर्ज कराई। एफआईआर में दुष्कर्म, धमकी और जातिगत अपमान से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन हाल ही में मामले ने नया मोड़ लिया। पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर कुमार अमरोहा के एक फार्महाउस में छिपे हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उत्तर को कड़ी सुरक्षा के बीच गाजियाबाद लाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कुमार से विस्तृत पूछताछ की जाएगी और सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है। उत्तर कुमार हरियाणवी सिनेमा में एक जाना-माना चेहरा हैं। उनकी देसी शैली और ग्रामीण परिवेश की कहानियों ने उन्हें दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय बनाया था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में वे कई विवादों में उलझते रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। पीड़िता का बयान दर्ज हो चुका है, और मेडिकल जांच सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी काम चल रहा है। उत्तर कुमार को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment