पंजाब में मौसम का बड़ा अलर्ट: जालंधर में मूसलाधार बारिश, 10 जिलों में चेतावनी; चंडीगढ़-हिमाचल भी सतर्क

अमृतसर
 पंजाब में मानसून पूरी तरह सक्रिय होने के साथ ही मौसम का मिजाज बदल गया है। सोमवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में रविवार के मुकाबले करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जालंधर में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई है। सुबह करीब 10 बजे यहां बादल छाए थे। मौसम विभाग ने आज पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

सबसे अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया। आने वाले चार दिनों में अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। 

हिमाचल में मौसम विभाग ने 8 से 12 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में लैंडस्लाइड, अचानक बाढ़, जलभराव और पेड़ गिरने की आशंका है, जिससे यातायात प्रभावित हो सकता है। संवेदनशील इलाकों में सड़कें बाधित हो सकती हैं और नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही, मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

अधिकतर जिलों का तापमान 35 डिग्री से नीचे गिरा
सोमवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री, अमृतसर में 33.5 डिग्री, लुधियाना में 33.8 डिग्री, पटियाला में 32.7 डिग्री, पठानकोट में 34.9 डिग्री दर्ज किया गया।

 इसके अलावा गुरदासपुर में 33.0 डिग्री, जालंधर (एसबीएस नगर केंद्र) में 33.6 डिग्री, बठिंडा में 39.1 डिग्री, फिरोजपुर में 34.7 डिग्री, होशियारपुर में 33.8 डिग्री, मोहाली में 35.4 डिग्री, मुक्तसर में 36.2 डिग्री, रूपनगर में 34.4 डिग्री और संगरूर में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई, जिसमें पटियाला में 25.2 मिलीमीटर, मोहाली में 18 मिलीमीटर और चंडीगढ़ में 9.8 मिलीमीटर वर्षा हुई।    तापमान में गिरावट लेकिन गर्मी बरकरार: चंडीगढ़ और पंजाब के कई जिलों में बारिश होने की वजह से तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अब यह सामान्य से 2.1 डिग्री कम हो गया है। सबसे अधिक तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। हालांकि गर्मी बरकरार है।

    उमस से गर्मी, बिजली खपत ज्यादा: भले ही मानसून आ गया है, लेकिन उमस की वजह से गर्मी बनी हुई है। सोमवार को बिजली की मांग 15,112 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान केंद्रीय पूल से 10,148 मेगावाट बिजली ली गई, जबकि निर्धारित शेड्यूल 10,571 मेगावाट का था। 4,967 मेगावाट बिजली राज्य ने खुद पैदा की।

    उमस ज्यादा क्यों हो रही: PAU लुधियाना के मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पूरे पंजाब में इस समय धान की रोपाई लगभग कंप्लीट हो चुकी है और अब खेतों में पानी लगाया जा रहा है। खेतों में पानी खड़ा रहता है और गर्मी की वजह से वो इवेपूरेट होता है। पानी के कण वाष्प के रूप में हवा में मिल जाते हैं जिससे हवा में नमी की मात्रा बढ़ जाती है।

    अब 12 जुलाई तक बारिश: मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक मानसून पंजाब में पहुंच गया है। इस समय मानसून बठिंडा के पास से होकर गुजर रहा है। कुछ समय के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। 12 जुलाई तक बारिश की संभावना है। तापमान में थोड़ा बदलाव होगा।

हिमाचल से सटे जिलों में बारिश के आसार
7 जुलाई: मौसम विभाग के अनुसार सात जुलाई को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब और नवांशहर में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला और संगरूर में छिटपुट से कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं।

8 जुलाई: पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और नवांशहर में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, एसएएस नगर और पटियाला में कई स्थानों पर वर्षा हो सकती है। तरनतारन, फिरोजपुर, मोगा, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, बरनाला और संगरूर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं।

9 जुलाई: होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और फतेहगढ़ साहिब में अधिकांश स्थानों पर वर्षा की संभावना है। गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, एसएएस नगर और पटियाला में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी और दक्षिणी जिलों—फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर और तरनतारन में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।

10 जुलाई: फाजिल्का, फिरोजपुर और मुक्तसर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है। जबकि पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है। अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मानसा, मोगा और बठिंडा में छिटपुट से कुछ स्थानों पर बारिश होने के संकेत हैं।

बारिश के चलते तापमान रहेगा स्थिर
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून सक्रिय रहने के कारण अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि जिन क्षेत्रों में तेज बारिश होगी, वहां जलभराव और फिसलन जैसी स्थानीय समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

 

Editor
Author: Editor

Leave a Comment