दिल्ली में रक्षाबंधन की रात हादसा: नजफगढ़ में 3 युवकों की मौत, कार चालक फरार

रक्षाबंधन की रात दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER) पर रात करीब 3 बजे एक कार और स्कूटी की जबरदस्त टक्कर में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बसंत, पवन और सनी कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और दिल्ली में रहकर काम करते थे।

हादसे के बाद कार चालक डर के कारण 1 किलोमीटर दूर डीचाऊ के पास कार को रोड पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार की जांच की तो पता चला कि वह हरियाणा नंबर की है और गुरुग्राम के दौलतपुर स्थित धरमपुरा के रहने वाले एक शख्स की है। स्कूटी नजफगढ़ के नया बाजार में ग्रॉसरी शॉप चलाने वाले एक दुकानदार की निकली, जो बसंत को स्कूटी देकर गया था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तीनों मृतकों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए जाफरपुर कला के राव तुलाराम हॉस्पिटल में रखवा दिया है। मृतकों की बॉडी पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालों को सुपुर्द की जाएगी। बरामद की गई स्कूटी और कार को पुलिस जब्त करके नजफगढ़ थाना ले आई है। डीसीपी अंकित सिंह के निर्देश पर एसीपी नजफगढ़ महेश नारायण की देखरेख में एसएचओ सुभाष चंद की टीम आगे की कार्रवाई कर रही है। यह हादसा नजफगढ़ के साईं बाबा मंदिर के पास मेट्रो फ्लैट के सामने वाले UER रोड पर हुआ है, जिसका एक हिस्सा 16 अगस्त को प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन के लिए प्रस्तावित है।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment