दिल्ली के दक्षिण पश्चिम जिले नारकोटिक्स दस्ता ने एक नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकडे गए आरोपी की शिनाख्त नाइजीरियाई निवासी 50 वर्षीय पीटर अनाकेपो के रूप में हुई है। आरोपी के पास से कुल 103.8 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद हुआ है। जिसकी कीमत 45 लाख रुपये आंकी जा रही हैं। आरोपी वेस्ट सागरपुर स्थित मोहन ब्लॉक में रह रहा था।
जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि 5 मई को वेस्ट सागरपुर स्थित मोहन ब्लॉक पर जाल बिछाकर छापेमारी की गई। उस दौरान पीटर के घर के हॉल में एक भूरे रंग के सोफे के कुशन से वाइल्ड स्टोन लेबल वाला एक काले और लाल रंग का कार्डबोर्ड बॉक्स बरामद हुआ। जिसमें आरोपी ने ड्रग्स रखा हुआ था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लगभग सात साल पहले नेपाल के रास्ते से भारत आया था। वह अपने वीजा समाप्ति के बाद भी वह मुंबई में अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी मुंबई में कपड़ों के आयात-निर्यात व्यवसाय से जुड़ा था। साल 2019-2020 के बीच वह दिल्ली आया और शहर भर के विभिन्न स्थलों पर ड्रग्स की तस्करी करना शुरू कर दी। उस वक़्त उसने अन्य नाइजीरियाई नागरिकों से ड्रग्स की लेन-देन की और उन्हें अत्यधिक कीमतों पर बेच रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम के तहत सागरपुर थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।