दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी में तीन गोदामों और एक फैक्ट्री पर छापेमारी की, जहां जानी-मानी कंपनियों के नाम पर नकली उत्पाद बनाए और बेचे जा रहे थे। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों—अंकित मित्तल, हैप्पी गोयल और नरेश सिंह—को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनके खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। खबर लिखे जाने तक, तीनों से पूछताछ जारी थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की उत्तरी रेंज (1) को एक शिकायत मिली थी, जिसमें एक प्रसिद्ध कंपनी के कर्मचारी ने दावा किया था कि रोहिणी में उनकी कंपनी के नाम पर नकली सामान तैयार और वितरित किया जा रहा है। इस सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा किया गया, जिसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने रोहिणी के सेक्टर-16 में स्थित एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से 5,220 नकली साबुन, 1,194 ऑल आउट रिफिल, और 50 हिट स्प्रे की बोतलें बरामद की गईं। जांच में पता चला कि गोदाम के मालिक के पास इन उत्पादों को बनाने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। उसने कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर नकली सामान तैयार किया था।
पुलिस ने गोदाम के मालिक अंकित मित्तल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने ऑल आउट और गुड नाइट जैसे उत्पाद रोहिणी के ही रहने वाले हैप्पी गोयल से खरीदे थे। इसके बाद पुलिस ने हैप्पी गोयल की फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां भारी मात्रा में नकली ऑल आउट बनाने का सामान मिला। वहां हजारों रिफिल बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने इस सामान को जब्त कर हैप्पी गोयल को गिरफ्तार कर लिया।
हैप्पी की पूछताछ में पता चला कि हिट स्प्रे का सामान वह चंदर विहार में रहने वाले नरेश सिंह से खरीदता था। पुलिस ने तुरंत नरेश की फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां नकली हिट स्प्रे बनाने के लिए बोतलें, मशीनें और अन्य सामग्री बरामद हुई। नरेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये नकली सामान कहां-कहां और किन-किन लोगों को बेचा जा रहा था। जांच में यह भी खुलासा करने की कोशिश की जा रही है कि इस नकली सामान के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।