दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां छत का एक हिस्सा गिरने की वजह से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। जबकि, अन्य एक घ्याल हो गया। मृतक की पहचान आठ वर्षीय वंश के रूप में हुई हैं। वहीं घायल की पहचान 45 वर्षीय साबिर के रूप में हुई हैं। बताया जा रहा हैं कि मृतक वंश एक दिहाड़ी मजदूर का बेटा था। परिवार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है और घर में किराएदार के तौर पर रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक मंजिला घर की छत पर बना शौचालय नीचे बरामदे में गिर गया, जिससे छत भरभराकर गिर गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, उन्हें नांगलोई के राजेंद्र पार्क एक्सटेंशन से सुबह 7:12 बजे घटना के बारे में कॉल मिली कि कमरुद्दीन नगर नांगलोई दीपांशु पब्लिक स्कूल के पास एक मकान की छत गिर गई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मलबे में फंसे बच्चे समेत दो लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वंश ने अपना दम तोड़ दिया। जबकि, बाकी घायलों का उपचार जारी हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही हैं।