ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा, चार दोस्तों की मौत

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में कुलेसरा पुश्ता रोड पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की जान चली गई। इनमें दो नाबालिग शामिल थे। ये चारों दोस्त नई बाइक पर सवार होकर इंस्टाग्राम रील बनाने के बाद लखनावली से अपने घर कुलेसरा की ओर लौट रहे थे। तभी उनकी बाइक की सामने से आ रही एक वैगनआर कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चारों युवकों को सेक्टर-39 के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कुलेसरा की संजय विहार कॉलोनी निवासी सुमित (16 वर्ष), लवकुश (17 वर्ष), सुत्याना गांव के मोनू ठाकुर (18 वर्ष) और हल्दौनी निवासी रिहान (18 वर्ष) के रूप में हुई है। ये चारों दोस्त सोमवार दोपहर करीब 1 बजे टीवीएस राइडर बाइक पर सवार होकर वीडियो शूट करने के लिए घर से निकले थे। बाइक मोनू ठाकुर की थी, जिसे उसने हाल ही में खरीदा था। मोनू बाइक चला रहा था, जबकि बाकी तीन दोस्त पीछे बैठे थे। सभी ने पुश्ता रोड सहित विभिन्न स्थानों पर इंस्टाग्राम के लिए रील बनाई और फिर घर की ओर रवाना हुए।

दोपहर करीब 1:30 बजे, लखनावली से कुलेसरा पुश्ता रोड पर एक संकरी सड़क पर सामने से आ रही वैगनआर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। सिर, हाथ, पैर, कोहनी, मुंह और नाक पर गहरी चोटों के कारण उनकी हालत नाजुक हो गई। हादसे में एक युवक सड़क किनारे जा गिरा, जिसे आसपास के लोगों और राहगीरों ने किसी तरह बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सड़क किनारे से अस्पताल पहुंचाया गया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बताया कि चारों युवकों के शव अस्पताल लाए गए थे। सभी शवों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। कुछ शवों के नाम अज्ञात के रूप में दर्ज किए गए हैं, क्योंकि उनकी पूरी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर कई लोग परिजनों को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment