अमरोहा में दिल दहलाने वाली घटना: हेड कांस्टेबल ने परिवार के साथ मिलकर पत्नी को जिंदा जलाया

नोएडा के निक्की हत्याकांड की सनसनी अभी थमी भी नहीं थी कि अमरोहा से मानवता को झकझोर देने वाला एक और मामला सामने आया है। यहाँ एक हेड कांस्टेबल ने अपने परिवार के साथ मिलकर अपनी पत्नी को जिंदा आग में झोंक दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यह वारदात डिडौली थाना क्षेत्र के नारंगपुर गाँव की बताई जा रही है, जहाँ एक सिपाही ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया। पीड़िता की हालत अत्यंत गंभीर है और उसे इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है। घटना के बाद से आरोपी पति और उसके परिवार वाले फरार हैं।

जानकारी के अनुसार, नारंगपुर गाँव निवासी देवेंद्र, जो यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल है, हाल ही में बरेली स्थानांतरण के बाद छुट्टी पर अपने गाँव आया था। इसी दौरान मंगलवार की सुबह उसने अपनी पत्नी पारुल, जो एक जीएनएम नर्स है, को जिंदा जलाने की क्रूर घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की माँ अनीता ने बताया कि उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली कि उनकी बेटी को आग लगा दी गई है। जब मायके वाले मौके पर पहुँचे, तो पारुल 90 प्रतिशत तक जल चुकी थी और दर्द से कराह रही थी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया।

पारुल की शादी को 13 साल बीत चुके हैं और वह दो जुड़वां बच्चों की माँ है। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वाले लंबे समय से पारुल को प्रताड़ित करते थे और इस बार उन्होंने मिलकर उसे आग में झोंक दिया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर डिडौली पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल देवेंद्र, उसकी माँ अनीता, देवर सोनू, गजेश, जितेंद्र और संतोष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, सभी आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment