गाजियाबाद के लोनी के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति, जो दो महीने पहले ही जेल से जमानत पर रिहा हुआ था, ने पत्नी के चरित्र पर शक के चलते यह जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंकुर एनक्लेव कॉलोनी निवासी सुमित गुप्ता का विवाह लगभग दो वर्ष पहले राम पार्क एक्सटेंशन की रहने वाली 30 वर्षीय कविता गुप्ता के साथ हुआ था। शादी के कुछ महीनों बाद ही सुमित को हरियाणा में गोली मारने के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। वह करीब दो साल तक जेल में रहा और दो महीने पहले जमानत पर रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद सुमित ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा कर रहा था।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, जेल से लौटने के बाद सुमित अपनी पत्नी कविता के चरित्र पर शक करता था और इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार शाम को भी इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच तीखी कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि सुमित ने गुस्से में आकर रसोई से चाकू उठाया और कविता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने कविता का गला रेत दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़ी। कविता की चीख सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अंकुर विहार थाना पुलिस और एसीपी ज्ञान प्रकाश राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। कविता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आरोपी सुमित से पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर हत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और चरित्र पर शक को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कविता ने पहले भी अपने परिजनों को सुमित की धमकियों के बारे में बताया था, लेकिन किसी ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक छोटा सा घरेलू विवाद इतनी भयावह वारदात में बदल गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।