दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम जिले में दो अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रांसजेंडर के भेष में थे और भीख मांगकर अपनी पहचान छुपा रहे थे। आरोपियों की पहचान खाजा मैनुद्दीन उर्फ खतीजा और राजेब चंद्र सरकार के रूप में हुई है, जो ढाका, बांग्लादेश के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी बिना वैध यात्रा दस्तावेज, वीज़ा या परमिट के भारत में रह रहे थे, जो विदेशी अधिनियम, 1946 एवं अन्य प्रासंगिक आप्रवासन कानूनों का उल्लंघन है। आरोपियों के पास से दो स्मार्टफोन बरामद हुए हैं, जिनमें प्रतिबंधित IMO ऐप इंस्टॉल था। इसके अलावा, उनके मोबाइल फोन गैलरी से बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी (GAS) करवाई थी ताकि अपना शारीरिक स्वरूप बदलकर महिला जैसा दिख सकें। अपनी पहचान छुपाने के लिए वे नियमित रूप से भारी मेकअप, साड़ी/सलवार सूट, नकली बाल (विग) और अन्य महिला संबंधी सामान का उपयोग करते थे।
दिल्ली पुलिस की फॉरेनर सेल ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके निर्वासन हेतु कानूनी कार्रवाई विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समन्वय में की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से निवास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।