ग्रेटर नोएडा में दूधवाले की गंदी हरकत, बच्चे के गले पर चाकू रखकर महिला के उतरवाए कपड़े

ग्रेटर नोएडा।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने में आया है। यहां एक डिलिवरी ब्वॉय ने एक महिला के फ्लैट में घुसकर उसे प्रताड़ित किया। आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई है, जो दूध पहुंचाने के बहाने महिला के घर आया था। उस दौरान उसने जबरदस्ती फ्लैट में प्रवेश किया और महिला के बेटे की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद उसने महिला को धमकाकर उसके कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया।

गौरव ने बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर बच्चों के सामने ही महिला से सारे कपड़े उतरवाए और इस घिनौने कृत्य का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। इतना ही नहीं, उसने यह वीडियो महिला के पति को भी भेज दिया। यह घटना जुलाई महीने में ग्रेटर नोएडा के एक अपार्टमेंट में हुई, जहां गौरव नियमित रूप से दूध और अन्य सामान की डिलिवरी करता था। महिला ने बताया कि गौरव ने उसे दो महीने से ज्यादा समय तक तंग किया और आखिरकार 2 सितंबर को उसने पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन पर संपर्क किया।

गौरव ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने उसका विरोध किया, तो वह उसके बेटे की हत्या कर देगा और उसकी बेटी को नाले में फेंक देगा। इसके बाद उसने वीडियो का इस्तेमाल करके महिला को ब्लैकमेल करना शुरू किया और बार-बार उसके फ्लैट पर जाकर उसे पुलिस में शिकायत न करने की चेतावनी दी। 2 सितंबर को, जब गौरव ने महिला के पति को वीडियो भेजा और कुछ क्लिप्स सोशल मीडिया पर डाल दीं, तब महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को बुलाया।

फिलहाल पुलिस ने गौरव को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या गौरव ने अन्य महिलाओं को भी इसी तरह निशाना बनाया था।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment