खजुरी गांव में ताबड़तोड़ चाक़ू से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट

दिल्ली के खजूरी गांव में रविवार रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मोहम्मद रजी (32) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ बिहार के खगड़िया के रहने वाले थे और खजूरी में किराये पर रहते थे। रजी पीओपी का काम करते थे और उनकी दो पत्नियां और चार बच्चे हैं।

परिवार के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे खगड़िया का रहने वाला फैजान घर पर आया और रजी को अपने साथ ले गया। रातभर रजी अपने घर नहीं पहुंचे और उनका फोन भी बंद जा रहा था। सोमवार सुबह छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि खजूरी गांव में एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ शव पड़ा है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच में पता चला कि रजी के पेट, हाथ, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों पर सात से अधिक चाकू के निशान थे और चाकू से गला भी रेत रखा था। पुलिस को मौके से शराब की बोतल और चार ग्लास मिले हैं, जिससे आशंका है कि शराब पिलाने के बाद युवक की हत्या की गई है।

परिवार का आरोप है कि कुछ लोग रजी को घर से बुलाकर ले गए थे और उन्हीं लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। खजूरी थाना ने हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिवार का यह भी कहना है कि रजी की बाबर नाम के युवक से रंजिश चल रही थी, जो पीओपी का काम करता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया हैं और आगे की जांच जारी हैं।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment