मध्य दिल्ली के बलजीत नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई हैं। जहां एक युवक ने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गया था, जिसे पुलिस ने जाच-पड़ताल करने के बाद उसके पैतृक निवास बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया हैं। पकडे गए आरोपी की शिनाख्त धर्मेंद्र कुमार उर्फ बंटी के रूप में हुई है, जो महिला के पड़ोस में ही रहता है और एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है।
दरअसल, मध्य जिला पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:14 बजे उनकी टीम को जानकारी मिली कि एक महिला की हत्या कर दी गई हैं और उसका शव पड़ोसी के घर पर पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद छानबीन के दौरान पता चला कि महिला पड़ोस में रहती थी। वहीं उसका पति फर्नीचर की दुकान पर सेल्समैन का काम करता है तथा वारदात के समय वह काम पर था।
इसके बाद पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन कब्जे में लिया। जिसकी जांच हुई तो धर्मेद्र का नाम सामने आया। पड़ोसियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि आखिरी बार महिला को उसके साथ ही देखा था। आरोपी मौके से फरार हो चुका था, लेकिन पुलिस ने उसे उसके पैतृक निवास बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार माह से वह महिला को जानता था।
दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। परन्तु आरोपी महिला से पीछा छुड़ाना चाहता था, लेकिन महिला उससे दोस्ती बरकरार रखना चाहती थी। महिला उससे मिलने का दबाव बनाती रहती थी। उसके बाद शनिवार को आरोपी ने कमरा दिखाने के बहाने उसे बुला लिया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं और मामले की जांच जारी हैं।