दिल्ली में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार और चोरी का सामान बरामद

दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने एक कुख्यात अपराधी को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाश की पहचान मोहम्मद मोमिन के रूप में हुई है, जो एक आवारा प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी लूट, चोरी, और झपटमारी जैसे 14 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक चोरी का स्मार्टफोन, और एक चोरी की स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस ने दावा किया है कि इस गिरफ्तारी से वाहन चोरी और मोबाइल चोरी से जुड़े दो मामलों का समाधान हो गया है।

उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि 25 अगस्त की देर रात, कॉन्स्टेबल सचिन और अभितोष कुमार मोटरसाइकिल पर गश्त कर रहे थे। तड़के करीब 2:30 बजे, खोया मंडी के नजदीक उन्होंने एक शख्स को स्कूटी पर बिना हेलमेट के देखा। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार मिला। पूछताछ में मोमिन ने कबूल किया कि वह लंबे समय से नशे और शराब की लत का शिकार है और अपनी इस आदत को पूरा करने के लिए वह चोरी, लूट, और झपटमारी जैसे अपराध करता था।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment