अयोध्या में दीपोत्सव: विश्व रिकॉर्ड की ओर एक और कदम

अयोध्या।

रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव के जरिए एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्यटन विभाग द्वारा सरयू नदी के तट, राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर असंख्य दीयों की रोशनी से एक मनमोहक और अलौकिक नजारा सजाया जाएगा। इस बार अयोध्या का दीपोत्सव अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान बनाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी कि विभाग इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। अयोध्या में वर्ष 2017 से दीपोत्सव को भव्य और आध्यात्मिक रूप से मनाया जा रहा है। इस परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष सरयू नदी के किनारे सबसे विशाल दीप प्रज्ज्वलन और भव्य आरती समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस बार 26 लाख से अधिक दीयों को जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नया इतिहास रचा जाएगा।

मंत्री ने बताया कि यह दीपोत्सव न केवल अयोध्या की सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर इसकी पहचान को और सशक्त करेगा। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में आयोजित होने वाला यह दूसरा दीपोत्सव विशेष रूप से भव्य और दिव्य होगा। इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर 26 लाख से अधिक दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की योजना है। साथ ही, सरयू तट पर अब तक की सबसे विशाल आरती का आयोजन होगा, जिसमें 1100 से अधिक संत-महात्मा, धर्माचार्य और स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे।

आयोजन की तैयारियां तीन दिन पहले से शुरू हो जाएंगी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मानकों के अनुसार डिजाइन और अन्य व्यवस्थाओं का समन्वय किया जाएगा। इस दौरान छात्र और स्वयंसेवक दीपोत्सव को गिनीज रिकॉर्ड में दर्ज करने में सहयोग करेंगे। स्वयंसेवकों की टीमें दीयों की व्यवस्था, प्रज्ज्वलन, गिनती और सत्यापन की जिम्मेदारी संभालेंगी, ताकि गिनीज के सभी मानकों का पालन हो।

पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, अवध विश्वविद्यालय और अन्य संगठनों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है। प्रमुख सचिव (पर्यटन व संस्कृति) मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि दीपोत्सव हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष का दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment