दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में हुए डबल मर्डर केस में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। निखिल ने अपनी लिव-इन पार्टनर सोनल और उसकी सहेली की 6 महीने की बच्ची यशिका की हत्या की थी। दोनों के बीच झगड़े की वजह सोनल का अबॉर्शन करवाना था, जिससे निखिल काफी नाराज था। उसे शक था कि सोनल ने अपने दोस्त लक्ष्मी के पति दुर्गेश के कहने पर अबॉर्शन करवाया था। इसी शक के चलते निखिल ने दुर्गेश की बच्ची की भी हत्या कर दी।
आरोपी निखिल मूल रूप से उत्तराखंड के हल्द्वानी का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देने के बाद निखिल ने आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ और अपने घर की ओर भाग गया। दिल्ली पुलिस ने उसे हल्द्वानी से गिरफ्तार किया और अब उसे दिल्ली लाने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस के मुताबिक, निखिल और सोनल 2023 में हल्द्वानी में मिले थे और दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। बाद में सोनल प्रेग्नेंट हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसे 2 लाख रुपए में बेच दिया गया. इसके बाद वे दिल्ली आ गए, जहां कुछ दिन वजीराबाद और फिर मजनू के टीले में रहे. इस दौरान सोनल की दोस्ती लक्ष्मी के साथ हुई और दोनों के बीच घर आना-जाना शुरू हो गया। निखिल को यह बात पसंद नहीं आई और उसने सोनल पर शक करना शुरू कर दिया।
आरोपी निखिल ने पुलिस को बताया कि उसने सोनल की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने उसकी मर्जी के बिना अबॉर्शन करवा लिया था। निखिल ने दुर्गेश की बच्ची की हत्या इसलिए की क्योंकि उसे शक था कि सोनल ने दुर्गेश के कहने पर ही अबॉर्शन करवाया था। पुलिस अब निखिल से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले की जांच कर रही है।