लखनऊ में युवक की ऑफिस में बेरहमी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक खौफनाक वारदात सामने आई हैं। यहां सुबह, जब एक महिला सफाईकर्मी कार्यालय में झाड़ू लगाने पहुंची, तो उसने फर्श पर खून से सनी लाश देखी। उसने तुरंत इसकी जानकारी कार्यालय के मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी एकत्र की। मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना बंथरा थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान कुनाल शुक्ला (26) के रूप में हुई, जो मूल रूप से फैजाबाद के धनुआपुर गांव का रहने वाला था। कुनाल के पिता अशोक शुक्ला फैजाबाद में रोडवेज बस चालक हैं। कुनाल अपनी मां सुधा और बड़े भाई सौरभ के साथ दादूपुर की न्यू डेस्टिन सिटी कॉलोनी में रहता था। वह स्थानीय निवासी विवेक सिंह के साथ मिलकर फाइनेंस पर दी गई गाड़ियों की किश्तों की वसूली और गाड़ियों की रिकवरी का काम करता था।

विवेक ने दादूपुर में स्वास्तिक एसोसिएट्स के नाम से एक कार्यालय स्थापित किया था, जहां कुनाल अधिकांश समय बिताता था। सोमवार रात करीब 9 बजे कार्यालय से सभी कर्मचारी चले गए थे, लेकिन कुनाल वहां रुक गया। मंगलवार सुबह 8 बजे, सफाई के लिए पहुंची महिला कर्मचारी संगम थारू ने कार्यालय में प्रवेश किया तो कुनाल को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा पाया। फर्श पर खून के धब्बे फैले हुए थे। उसने तत्काल इसकी सूचना विवेक को दी। देखते ही देखते घटना की खबर फैल गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बंथरा थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। फिलहाल इस मामले की जांच जारी हैं।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment