राष्ट्रपति ने दिल्ली को दी बड़ी सौगात: लखपति बिटिया, मुफ्त गैस सिलेंडर और पिंक कार्ड योजना का किया शुभारंभ

नरेंद्र धवन। नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना, होली–दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर योजना, सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड और 40,642 बेटियों के खातों में 100 करोड़ रुपये प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) हस्तांतरण का शुभारंभ किया ।

राष्ट्रपति ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल खोलकर महिलाओ के तारीफ करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। चाहे सैनिक के रूप में वे देश की सीमाओं की रक्षा करना हो या वैज्ञानिक के रूप में प्रयोगशालाओं में शोध कार्य हो या अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खेलों मे भारत का तिरंगा लहराने से लेकर राजनीति, समाजसेवा, प्रशासन तथा व्यापार जगत– सभी क्षेत्रों में महिलाएं नई ऊंचाइयां छू कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि नई दिल्ली देश की राजधानी है। यहां देश के हर राज्य और क्षेत्र के लोग रहते हैं। यदि दिल्ली की महिलाएं सुरक्षित, शिक्षित, और आत्मनिर्भर होंगी, समाज के हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व प्रदान करेंगी तब पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली के इतिहास में नारी शक्ति के नाम एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। यह केवल योजनाओं का शुभारंभ नहीं है। यह सम्मान का संकल्प है। यह विश्वास का विस्तार है। यह उस शक्ति का अभिनंदन है, जो हर घर की धुरी है, हर परिवार की ताकत है। उन्होंने कहा कि जब बेटी सशक्त होती है, परिवार सशक्त होता है। जब महिला आत्मनिर्भर होती है, समाज आत्मविश्वासी बनता है। और जब नारी शक्ति आगे बढ़ती है, तब विकसित दिल्ली का मार्ग और स्पष्ट हो जाता है।

“मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नारी शक्ति को वंदन करते हुए कहा कि अवसर, सुरक्षा और सम्मान ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नारी शक्ति के उदय से ही ‘विकसित दिल्ली’ का संकल्प सिद्ध होगा। अपनी आत्मीय शुभकामनाएँ साझा करते हुए उन्होंने बेटियों से कहा— ‘सपनों को उड़ान दें, कल की तस्वीर बदलें; आपकी सरकार आपकी सफलता की राह में सदैव आपकी सारथी बनी रहेगी।'”

इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और डा. पंकज कुमार सिंह मौजूद रहे।

Narender Dhawan
Author: Narender Dhawan

Leave a Comment