रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में दो दिनों के दौरे पर हैं। गुरुवार को दिशा की बैठक में हिस्सा लेने के बाद, जब वह बाहर आए तो उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बहुत परेशान और बेचैन नजर आ रहे हैं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि जब ‘हाइड्रोजन बम’ फटेगा, तब सब कुछ साफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोटों की चोरी करके सरकारें बनाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक के चुनावों में वोट चोरी हुई है। हमारे पास इसके ठोस और स्पष्ट सबूत हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही वोट चोरी से जुड़े और भी बड़े खुलासे सामने आएंगे। भाजपा के लोग घबराएं नहीं, क्योंकि वोट चोरी का ‘हाइड्रोजन बम’ जल्द आने वाला है, और तब सब कुछ सामने आ जाएगा।
राहुल गांधी बुधवार की शाम को ऊंचाहार पहुंचे थे। वहां उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और लोकसभा चुनाव में भारी मतों से जीत दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट चोरी के जरिए चुनाव जीते हैं। लोकसभा चुनाव के बाद, चुनाव आयोग ने देश में करीब एक करोड़ फर्जी वोट जोड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दम पर ही आगे बढ़ रही है। आप सभी के सहयोग से हम देश में बदलाव लाएंगे। एक रेस्तरां में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी का कांग्रेस पदाधिकारियों और प्रदेश सचिव अतुल सिंह ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मंच पर पहुंचने पर पूर्व विधायक अजय पाल सिंह ने उन्हें संविधान की एक प्रति भेंट की।
राहुल गांधी ने अपने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के विधानसभा चुनावों में चुनाव आयोग की साठगांठ से भाजपा की वोट चोरी पकड़ी गई है, जिसके चलते भाजपा बैकफुट पर है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में संविधान खतरे में है और हमारे अधिकारों को दबाने की कोशिश हो रही है। कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी एनटीपीसी परियोजना के वीआईपी गेस्ट हाउस गए, जहां उन्होंने रात बिताई।