कानपुर में हुए रिश्ते तार-तार, सौतेले पिता ने किया नाबालिक का बलात्कार

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोंडा का रहने वाला सौतेला पिता लुधियाना में अपनी 14 साल की सौतेली बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा। जब बच्ची की हालत बिगड़ गई, तो उसे उसकी मां के साथ गोंडा भेज दिया गया। मां ने इस जघन्य अपराध को छिपाने की कोशिश की और बेटी का झाड़-फूंक से इलाज करवाती रही। पीड़िता की मौसी उसे इलाज के लिए कानपुर ले आई। हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया और मेडिकल जांच के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करने को कहा।

जब दुष्कर्म की बात उजागर हुई, तो परिवार वाले स्तब्ध रह गए। सौतेला पिता गोंडा का निवासी है, लेकिन अपराध लुधियाना में हुआ। पुलिस ने पहले एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी की। पीड़िता की मौसी ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मदद मांगी। उनके निर्देश पर FIR दर्ज की गई। डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह को नाबालिग की देखभाल और कानूनी सहायता के लिए निर्देश दिए। इसके बाद वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक वंदना द्विवेदी ने नाबालिग का मेडिकल करवाया।

पीड़िता जीवन और मृत्यु के बीच जूझ रही है। असहनीय दर्द उसकी सहनशक्ति से बाहर है। डॉक्टर उसकी सर्जरी करने पर विचार कर रहे हैं। काकादेव की एक महिला का पति पहले ही मर चुका था। उसकी दो बेटियां थीं। उसने गोंडा के एक युवक से, जो लुधियाना में काम करता था, दूसरी शादी की। उसकी छोटी बेटी, जब नौ महीने की थी, तब से ननिहाल में थी। वह 12 साल तक ननिहाल में रही। दूसरी शादी के बाद मां उसे गोंडा और फिर लुधियाना ले गई।
काकादेव थाने में केस दर्ज होने के बाद उसे गोंडा स्थानांतरित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सौतेला पिता अभी तक फरार है। नाबालिग को हैलट अस्पताल के बाल रोग विभाग के एनआईसीयू में भर्ती किया गया है। बाल रोग विभाग के प्रमुख डॉ. शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की हालत में कुछ सुधार है। उसे गंभीर सर्जरी की जरूरत है, जिसके लिए उसे सर्जरी विभाग में भेजा गया है।

Kajal Prajapati
Author: Kajal Prajapati

Leave a Comment