चंडीगढ़
पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। आज से अगले 6 दिन लगातार हीटवेव चलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पांच जिलों फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मौसम ड्राई बना रहेगा। तापमान में रविवार की तुलना में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 43.1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है। राज्य में सुबह ही बिजली की डिमांड 10738 मेगावाट पर पहुंच गई है। इस दौरान 7412 मैगावाट बिजली केंद्रीय पूल और 3343 मेगावाट बिजली पंजाब खुद उत्पादन कर रहा है।
22 से 30 मई के बीच दस्तक दे सकता मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें 4 दिन आगे-पीछे का फर्क हो सकता है। यानी मानसून 22 से 30 मई के बीच कभी भी दस्तक दे सकता है। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर सक्रिय है।
इसका असर आगे चलकर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ सकता है, जिससे कुछ इलाकों में आंधी, बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना बन सकती है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से गर्म हवाएं आ रही हैं। इस वजह से गर्मी बढ़ेगी।
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी
रविवार को पंजाब के तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के नजदीक बना हुआ है। पंजाब में 43.1 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 1.6 डिग्री ऊपर हो गया है। सबसे कम 12.9 डिग्री का न्यूनतम पारा रूपनगर का दर्ज किया गया।
अमृतसर का अधिकतम पारा 39.9 डिग्री, लुधियाना का 41.6 डिग्री, पटियाला का 42.0 डिग्री, पठानकोट का 40.6 डिग्री, फाजिल्का का 39.5 डिग्री, फरीदकोट का 41.9 डिग्री और रूपनगर का 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 24.2 डिग्री, लुधियाना का भी 24.2 डिग्री, पटियाला का 25.8 डिग्री, पठानकोट का 24.2 डिग्री, बठिंडा का 26.6 डिग्री, फिरोजपुर का 25.7 डिग्री, होशियारपुर का 19.8 डिग्री दर्ज किया गया।
22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है मानसून
पंजाब में मानसून 22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि अगर स्थितियां अनुकूल रहीं, तो मानसून 22 से 25 जून के बीच पंजाब में दाखिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस साल पंजाब में सामान्य से कम बारिश रहने का अनुमान है। माहिरों के मुताबिक इससे सिंचाई के लिए ट्यूबवैल व अन्य विकल्पों पर निर्भरता बढ़ सकती है।
42 डिग्री तक तपेगा चंडीगढ़
गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शहर में तीखी धूप और लू की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार अगले पांच दिनों तक चंडीगढ़ में तापमान साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अब पारा 42 डिग्री तक पहुंचेगा। 18 से 21 मई तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री और 22 मई को यह बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है जिससे रातों में गर्माहट बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में अगले सात दिनों के लिए लू का अलर्ट है। पिछले 24 घंटों की तरह आगामी दिनों में भी पूरे क्षेत्र में मौसम पूरा शुष्क बना रहेगा।
पठानकोट के तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
राज्य में रविवार को 6 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 4 जिलों का तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान बठिंडा एयरपोर्ट पर 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 40.3 डिग्री, लुधियाना में 41.6 डिग्री, पटियाला में 42 डिग्री, पठानकोट में 40.6 डिग्री और बठिंडा में 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर में 39.9 डिग्री, फाजिल्का में 39.5 डिग्री, मोहाली में 38.9 डिग्री और रूपनगर में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
तापमान में सबसे ज्यादा 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी पठानकोट में दर्ज की गई। इसके अलावा चंडीगढ़ में 1.3 डिग्री, अमृतसर में 1.7 डिग्री, लुधियाना में 1.8 डिग्री, पटियाला में 1.2 डिग्री, बठिंडा में 0.6 डिग्री, फाजिल्का में 0.5 डिग्री, मोहाली में 1.4 डिग्री और रूपनगर में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं फरीदकोट में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
अगले 4 दिन तापमान बढ़ेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, यानी बारिश के आसार नहीं हैं। अगले चार दिनों में दिन के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है।