पति-पत्नी के रिश्ते में किसी तीसरे व्यक्ति के आने से अक्सर संबंध टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। एक महिला, जो अपने प्रेमी के साथ बार-बार भाग चुकी थी, ने पंचायत में एक अजीब सुझाव रखा कि वह महीने के 15 दिन अपने पति के साथ और 15 दिन अपने प्रेमी के साथ बिताएगी। इस प्रस्ताव ने पंचायत में मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। पति ने निराश होकर हाथ जोड़ लिए और कहा, “मुझे छोड़ दो, तुम अपने प्रेमी के साथ ही रहो।”
यह घटना रामपुर जिले के अजीमनगर और टांडा क्षेत्र के दो गांवों से जुड़ी है। अजीमनगर की एक युवती की शादी डेढ़ साल पहले टांडा के एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही युवती का टांडा के ही एक अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध शुरू हो गया। लगभग एक साल पहले वह अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। इसके बाद पंचायत बुलाई गई, और पति अपनी पत्नी को वापस घर ले आया। लेकिन पत्नी की आदत में कोई बदलाव नहीं आया।
पिछले एक साल में वह अपने प्रेमी के साथ 10 बार भाग चुकी थी। थक-हारकर पति ने 8 दिन पहले अजीमनगर थाने में शिकायत दर्ज की। हालांकि, उसने पत्नी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं करने की गुजारिश की और केवल उसे वापस लाने की मांग की। पुलिस ने महिला को ढूंढकर पति के हवाले कर दिया, लेकिन वह पति के घर केवल एक दिन रुकी और फिर से प्रेमी के पास चली गई। जब पति उसे मनाने प्रेमी के घर पहुंचा, तो पत्नी ने साफ मना कर दिया।
कई बार समझाने के बाद भी जब पत्नी नहीं मानी, तो मामला पंचायत तक पहुंचा। पंचायत में पत्नी ने सबके सामने एक अनोखा प्रस्ताव रखा। उसने कहा, “मैं महीने के 15 दिन अपने पति के साथ रहूंगी और बाकी 15 दिन अपने प्रेमी के साथ।” यह सुनकर पति और पंचायत में मौजूद सभी लोग अवाक रह गए। पति ने निराश होकर हाथ जोड़ लिए और कहा, “अब मैं तुम्हें आजाद करता हूं, तुम अपने प्रेमी के साथ ही रहो।” इसके बाद वह पत्नी को प्रेमी के साथ छोड़कर अपने घर लौट गया। पंचायत के अन्य लोग भी बिना कोई निर्णय लिए अपने-अपने घर चले गए। पुलिस ने इस पंचायत की जानकारी होने से इनकार किया है।