दिल्ली सचिवालय मे दिखी सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर देश के विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवसों को गरिमापूर्ण और उत्साहभरे माहौल में मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, आज दिल्ली सचिवालय में “सिक्किम दिवस” के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व को जनमानस के सामने प्रस्तुत करना था।

कार्यक्रम में साहित्य कला परिषद से जुड़े करीब 20 कलाकारों ने भाग लिया और सिक्किम के पारंपरिक लोकनृत्य, लोकसंगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इन रंगारंग प्रस्तुतियों ने सिक्किम की सांस्कृतिक विविधता और सौंदर्य को जीवंत रूप में सामने रखा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा,
दिल्ली में सिक्किम के बहुत से नागरिक निवास करते हैं, जो अपनी मेहनत, समर्पण और कर्मठता से न सिर्फ अपने राज्य, बल्कि पूरे देश की प्रगति में अहम भूमिका निभा रहे हैं। सिक्किम न केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, बल्कि वहाँ की शांतिपूर्ण जीवनशैली, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास के प्रति प्रतिबद्धता पूरे देश के लिए एक प्रेरणा है। दिल्ली सरकार ने यह तय किया है कि हर राज्य के स्थापना दिवस को बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता को बढ़ावा मिल सके। इस विशेष दिन पर मैं सभी सिक्किमवासियों को शुभकामनाएं देती हूं और उनके सुख, स्वास्थ्य और निरंतर विकास की कामना करती हूं।”

वही दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “सिक्किम न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से बल्कि पर्यटन, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी भारत का प्रमुख राज्य है।दिल्ली और सिक्किम के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक सहयोग लगातार सशक्त हो रहा है और आने वाले वर्षों में यह साझेदारी और प्रगाढ़ होगी। इस राज्य की समृद्ध विरासत, प्रेरणादायक परंपराएं और ऐतिहासिक योगदान देश के लिए गर्व की बात है।

सिक्किम के पारंपरिक लोकनृत्य “तमांग” की प्रस्तुति ने सचिवालय में मौजूद सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खम्पा, लायन डांस और मास्क नृत्य  पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला एवं पुरुष कलाकारों ने जब प्रस्तुत किए, तो सचिवालय परिसर में उत्साह और उमंग का अनूठा दृश्य देखने को मिला।

Narender Dhawan
Author: Narender Dhawan

Leave a Comment