जम्मू में तैनात एक सैनिक की ऑनलाइन गेमिंग की लत ने उसकी पत्नी की जान ले ली। कर्ज में डूबे सैनिक ने अपनी पत्नी पर मायके से 11 लाख रुपये लाने का दबाव डाला। जब पत्नी यह मांग पूरी न कर सकी, तो ससुराल में उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। रविवार को महिला का शव फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, जबकि सैनिक पति पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया। घटना के 30 घंटे बाद शव का पोस्टमॉर्टम हो सका।
चिकटिहा गांव के निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी विधि सिंह की शादी 23 फरवरी 2023 को नगला बन्नू गांव के निवासी सैनिक हरिओम सिंह के साथ की थी। हरिओम वर्तमान में जम्मू में तैनात है, जबकि विधि ससुराल में रह रही थी। शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए थे। गजेंद्र के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही विधि को दहेज के लिए तंग किया जाने लगा।
विधि के भाई शिव प्रताप सिंह ने बताया कि हरिओम ऑनलाइन गेमिंग का आदी था और उसने इस लत में लाखों रुपये गंवा दिए। उसने बैंक से भी भारी कर्ज ले रखा था। कर्ज चुकाने के लिए उसने विधि से 11 लाख रुपये लाने को कहा। पहले मेरठ में तैनाती के दौरान हरिओम ने विधि के साथ कई बार मारपीट की थी। शिकायत के बाद उसका तबादला जम्मू कर दिया गया। इसके बावजूद वह विधि को दूसरी शादी की धमकी देता रहा।
शिव प्रताप ने आगे बताया कि जब विधि ने 11 लाख रुपये लाने में असमर्थता जताई, तो ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न और बढ़ा दिया। एक बार उसे जहर देकर मारने की कोशिश भी की गई। जब मायके वालों को यह बात पता चली, तो उन्होंने ससुराल जाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ससुराल वालों ने उनके सामने भी विधि की पिटाई की। इसके बाद वे लोग लौट आए।
रविवार सुबह विधि का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। मायके वालों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और शव पर चोट के निशान देखकर पुलिस को सूचित किया। पहले पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने में देरी की, जिसके चलते मायके वालों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस ने विधि के ससुर श्यामवीर सिंह, सास मुनीशा देवी और देवर सत्यम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। हरिओम को साजिश रचने के आरोप में नामजद किया गया। इसके बाद सोमवार दोपहर को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।