दहेज की लालच ने न जाने कितनी मासूम बेटियों की जिंदगी छीन ली है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में निक्की भाटी की दर्दनाक मौत ने समाज को झकझोर दिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे जिंदा जला दिया। अब अमरोहा से भी एक और बेटी की दिल दहलाने वाली मौत की खबर सामने आई है।
अमरोहा जिले में गुरुवार को 23 वर्षीय गुलफिजा ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे कथित तौर पर तेजाब पीने के लिए मजबूर किया। गुलफिजा की शादी लगभग एक साल पहले डिडौली थाना क्षेत्र के कालाखेड़ा गांव के परवेज के साथ हुई थी।
गुलफिजा के परिवार का कहना है कि उसके ससुराल वाले लगातार उसे प्रताड़ित करते थे और 10 लाख रुपये नकद के साथ-साथ एक कार की मांग कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि 11 अगस्त को गुलफिजा को कथित रूप से तेजाब पिलाने की कोशिश की गई, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां 17 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
गुलफिजा के पिता फुरकान की शिकायत पर पुलिस ने परवेज, आसिम, गुलिस्ता, मोनिश, सैफ, डॉ. भूरा और बब्बू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद दहेज हत्या से जुड़ी धाराएं जोड़ी जाएंगी।