उत्तर प्रदेश के देवरिया में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, एक घायल

उत्तर प्रदेश।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। जहाँ मंगलवार की देर रात मिश्रौली गांव के नजदीक हुए इस भयानक हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह त्रासदी उस वक्त हुई, जब दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं।

पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात लगभग 11:30 बजे कंचनपुर-गोरयाघाट रोड पर हुआ। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गोरयाघाट गांव के निवासी राजू गोंड (24 वर्ष) और अंकित गोंड (25 वर्ष) अपने काम से घर लौट रहे थे। उसी दौरान, बरियारपुर थाना क्षेत्र के बेलवनिया उपाध्याय गांव के रहने वाले राजन प्रसाद (26 वर्ष) विपरीत दिशा से तेज गति से अपनी मोटरसाइकिल चला रहे थे। मिश्रौली गांव के पास एक मंदिर के सामने दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू गोंड और राजन प्रसाद की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे में अंकित गोंड बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

रामपुर कारखाना थाने के प्रभारी अभिषेक कुमार राय ने जानकारी दी कि दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है। इस दुखद घटना से दोनों गांवों में मातम छाया हुआ है।

Office Desk
Author: Office Desk

Leave a Comment