यूपी, सुल्तानपुर।
सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है। एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की निर्मम हत्या कर दी और फिर परिजनों के सामने रो-रोकर खुद को निर्दोष दिखाने की कोशिश की।
हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कॉल डिटेल्स की जांच के बाद मात्र 24 घंटे में इस जघन्य अपराध का खुलासा हो गया। पुलिस ने पहले प्रेमी को हिरासत में लिया और फिर आरोपी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
यह घटना सुल्तानपुर के किंदीपुर बाजार की है, जहां गुरुवार सुबह 38 वर्षीय महेश कुमार का शव बरामद हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि महेश की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि मृतक की पत्नी पूजा का गांव के ही जयप्रकाश नामक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार टीमें गठित कीं, जिसमें सर्विलांस और एसओजी की टीमें शामिल थीं। कॉल डिटेल्स की गहन जांच से हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ पूजा और जयप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों के अनुसार, महेश लुधियाना में मजदूरी करता था और 2025 की शुरुआत में अपने गांव लौट आया था। वह यहीं मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। महेश की भाभी उर्मिला ने बताया कि बुधवार को महेश पास के प्रेमचंद्र के यहां काम करने गया था। पूजा ने बताया कि काम से लौटने के बाद महेश शाम को मछली खरीदने बाजार गया था। जब वह देर तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूजा ने सभी को बताया कि उसका अपने पति से कोई विवाद नहीं था और न ही गांव में किसी से कोई दुश्मनी थी। लेकिन अगली सुबह महुआ के पेड़ के नीचे महेश का शव मिला।
सुल्तानपुर पुलिस ने शुक्रवार को इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया। एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि पूजा का जयप्रकाश के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर पहले महेश को शराब पिलाई और जब वह नशे में धुत हो गया, तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।